Showing posts with label आचार संहिता का उल्लंघन. Show all posts
Showing posts with label आचार संहिता का उल्लंघन. Show all posts

Saturday, 4 February 2012

भाकपा द्वारा इलेक्ट्रानिक मीडिया की शिकायत

4 फरवरी 2012

श्री उमेश सिन्हा
मुख्य निर्वाचन अधिकारी
उत्तर प्रदेश
लखनऊ

विषय:    निजी टी.वी. चैनल्स द्वारा पेड न्यूज प्रसारित किये जाने के सम्बंध में

महोदय,

    निर्वाचन आयोग की तमाम सख्ती के बावजूद तमाम निजी टी.वी. चैनलों द्वारा पेड न्यूज का प्रसारण किया जा रहा है। इसके लिये उन्होंने कई तरीके निकाल रखे हैं। न्यूज के नाम पर कांग्रेस, बसपा, भाजपा एवं सपा के नेताओं के भाषणों का लाइव प्रसारण किया जा रहा है और भाषणों को बार-बार दोहरा कर दिखाया जा रहा है। इसी तरह इन दलों के नेताओं के ऊपर 10-10, 15-15 मिनट के फीचर प्रसारित किये जा रहे हैं। 3 फरवरी को एक राष्ट्रीय चैनल ने श्रीमती प्रियंका गांधी का भाषण सीधे प्रसारित किया और बार-बार दोहराया जबकि वे किसी सार्वजनिक पद पर भी नहीं हैं। इसी तरह इसी दिन एक प्रादेशिक चैनल ने मुख्यमंत्री मायावती का भाषण सीधे प्रसारित किया और उसे कई बार दिखाया। इसी तरह के कई अन्य हथकंडे अपनाये जा रहे हैं।

    यहां यह उल्लेखनीय है कि भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी जो राष्ट्रीय मान्यता प्राप्त 6 राजनैतिक दलों में से एक है और उत्तर प्रदेश में 51 सीटों पर चुनाव लड़ रही है, की गतिविधियों को किसी चैनल पर कोई जगह नहीं दी जा रही है।

    इस मामले में हमारे द्वारा पहले भी 24 जनवरी को इसकी शिकायत आपको भेजी गयी थी, जिस पर किसी कार्यवाही की सूचना हमें आज तक प्राप्त नहीं हुई है।

    यह सीधे तौर पर ‘पेड न्यूज’ का मामला है, जिसकी गंभीरता से जांच करा कर कठोर कार्यवाही की जानी चाहिये।

    आशा है कि आप शीघ्र ठोस कदम उठायेंगे।

    सधन्यवाद।

भ व दी य


(डा. गिरीश)
राज्य सचिव

प्रतिलिपि:    मुख्य निर्वाचन आयुक्त, भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली।










स्पष्ट रूप से पढ़ने के लिए इमेज पर डबल क्लिक करें (आप उसके बाद भी एक बार और क्लिक द्वारा ज़ूम करके पढ़ सकते हैं ) संकलन-विजय माथुर, फौर्मैटिंग-यशवन्त माथुर